
Rudrapur: दिनदहाड़े पत्नी की हत्या, ड्यूटी पर चला गया पति बोला.. मर गई है तो कबाड़ में फेंक दो लाश….
Rudrapur: पुलिस ने पति को लिया हिरासत में पूछताछ जारी
Rudrapur: भूरारानी कॉलोनी में बुधवार को एक महिला की दिनदहाड़े हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हत्या का आरोप पति पर लग रहा है। वहीं पत्नी का शव घर पर फर्श पर छोड़ पति खुद कंपनी में ड्यूटी पर चला गया। जानकारी के मुताबिक मृतका का मुंहबोला भाई जब घर पहुंचा तो बहन का शव देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति अनिल को हिरासत में ले लिया। मृतका की पहचान मधु के रूप में हुई है।
मृतका मधु के मुंहबोला भाई अंकित दिवाकर ने बताया कि उसने पहले पुलिस और फिर अनिल को फोन किया। लेकिन आरोपी ने निर्लज्जता दिखाते हुए कहा, “मर गई है तो मैं क्या करूं, जाकर लाश को कबाड़ में फेंक दो।” अंकित ने यह बात घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को बताई।

अंकित के मुताबिक, मधु संस्कारी और समझदार महिला थी। उसका एक भाई पुलिस विभाग में तैनात है। जबकि अनिल लंबे समय से बेरोजगार था और केवल दो महीने से ही किसी कंपनी में काम पर जा रहा था। मधु खुद नौकरी कर घर चला रही थी। अंकित ने बताया कि बीते छह महीनों से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था।
जानकारी के अनुसार आरोपी अनिल किसी दूसरी महिला से फोन पर बात करता था। मधु को यह बात बिल्कुल पसंद नहीं थी, खासकर इसलिए कि उसने अनिल से लव मैरिज की थी। बुधवार सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद अंकित की पत्नी ने उसे मधु को खाने के लिए बुलाने भेजा। जब वह घर पहुंचा तो मधु अचेत अवस्था में फर्श पर पड़ी थी। उसकी सांसें थम चुकी थीं।
कमरे में टूटी चूड़ियां, बिखरे सामान और तकिया पड़े होने से यह स्पष्ट है कि मधु ने आखिरी सांस तक खुद को बचाने की कोशिश की। पुलिस को संदेह है कि उसकी गला घोंटकर या तकिया से मुंह दबाकर हत्या की गई है।
इधर, एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि, “हत्याकांड का जल्द खुलासा किया जाएगा। पति की भूमिका पूरी तरह संदिग्ध है। उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।” घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पड़ोसी भी इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं।











