वसंत पंचमी पर नरेंद्र नगर (टिहरी) स्थित राजमहल में तय हुई कपाट खुलने की तिथि
ऋषिकेश: विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा की तैयारियां जोरों से शुरू हो गई है। इस श्री बदरीनाथ धाम के कपाट गुरूवार 23 अप्रैल 2026 को प्रात: 6:15 (सवा छ: बजे) खुलेंगे। इससे पहले तेल कलश गाडू घड़ा यात्रा मंगलवार 7 अप्रैल 2026 से शुरू होगी।
शुक्रवार को वसंत पंचमी के दिन नरेंद्र नगर स्थित टिहरी राज दरबार में कपाट खुलने की तिथि का ऐलान किया गया। श्री बदरीनाथ, केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि कपाट खुलने की तिथि तय होते ही आगामी यात्रा के लिए बीकेटीसी ने तैयारियां शुरू कर दी है तथा यात्रा व्यवस्थाओंं के लिए कार्ययोजनाओं को अंतिम रूप दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा के साथ-साथ आगामी चार धाम यात्रा तैयारियों पर फोकस रहेगा। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होने के अवसर पर श्रद्धालुओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही चारधाम यात्रा का भी आमंत्रण दिया।
शुक्रवार को महाराजा मनुजयेंद्र शाह की उपस्थिति में पूजा-अर्चना के बाद राजपुरोहित आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने पंचांग गणना तथा महाराजा की जन्मकुंडली देखने के पश्चात विधि विधान से श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि का निर्धारण किया। वहीं कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के साथ ही गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा का दिन भी तय हो गया।
चतुर्थ केदार भगवान श्री रुद्रनाथ के 18 मई को खुलेंगे कपाट
पंच केदारों में चतुर्थ केदार भगवान श्री रुद्रनाथ के कपाट 18 मई को मध्याह्न 12 बजकर 58 मिनट पर ग्रीष्मकाल के लिए खोले जाएंगे। शुक्रवार को बसंत पंचमी के पावन पर्व पर भगवान रुद्रनाथ जी के शीतकालीन गद्दी स्थल गोपीनाथ मंदिर में ब्राह्मणों ने हक हकूकधारियों की मौजूदगी में पंचांग गणना के आधार पर तिथि की घोषणा की।











