
नैनीताल: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने नैनीताल प्रवास के दौरान मंगलवार सुबह शक्तिपीठ मां नयना देवी मंदिर में पहुंचकर मां नयना देवी की पूजा-अर्चना की तथा राष्ट्र की सुख, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर आगमन पर मंदिर समिति के सदस्यों ने राष्ट्रपति मुर्मू का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल(से.नि.) गुरमीत सिंह भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर राष्ट्र की सुख-शांति की कामना की
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने नैनीताल प्रवास के दौरान आज प्रातः कैंची धाम स्थित सुप्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल बाबा नीब करौरी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की।
मंदिर आगमन पर मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने माननीय राष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) तथा कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत उपस्थित रहे।
वहीं उससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राजभवन नैनीताल के मुख्य द्वार का शिलान्यास किया। इस अवसर पर राज्यपाल, लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) भी मौजूद रहे। ऐतिहासिक राजभवन स्थापना के 125 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मुख्य द्वार का शिलान्यास किया गया। राजभवन के मुख्य द्वार का यह शिलान्यास इस धरोहर के संवर्धन और संरक्षण की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है।
राजभवन नैनीताल, जो विगत 125 वर्षों से उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक, प्रशासनिक और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक रहा है, आज भी अपनी स्थापत्य कला, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक विरासत के लिए अद्वितीय स्थान रखता है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, अपर सचिव रीना जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।











